•   Patna - 800020 (Bihar)
logo

बिहार पुलिस में 68360 पदों पर होगी सीधी बहाली ,

Blog single photo

बिहार पुलिस में 68360 पदों पर होगी सीधी बहाली

-सात हजार 183 पद प्रोन्नति से भरे जाएंगे
-नियुक्ति प्रक्रिया जून से शुरू होगी : एडीजी गंगवार

पटना : बिहार पुलिस में स्वीकृत किए गए 75 हजार 543 नए पदों में 68 हजार 360 पदों पर सीधी नियुक्ति होगी। शेष सात हजार 183 पद प्रोन्नति से भरे जाएंगे। बहाली के लिए नियुक्ति प्रक्रिया जून से चरणवार तरीके से शुरू होने की संभावना है। बिहार पुलिस मुख्यालय के एडीजी जितेंद्र सिंह गंगवार ने शुक्रवार को बताया कि जिन पदों को पर सीधी नियुक्ति होनी है, उनमें 23 हजार 653 दारोगा, 35 हजार 774 सिपाही और आठ हजार 927 ड्राइवर सिपाही के पद हैं। इसके अलावा 6 डीएसपी के नए पद भी स्वीकृत किए गए हैं, जिस पर सीधी नियुक्ति होगी। 

                   

पुलिस मुख्यालय के स्तर से अभी रोस्टर क्लीयरेंस की कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही संबंधित चयन पर्षद व आयोग को अधियाचना भेज दी जाएगी। इसके बाद विज्ञापन निकालकर चयन परिषद व आयोग के द्वारा परीक्षा ली जाएगी। 27,000 से अधिक पद डायल-112 के लिए पुलिस बल की होने वाली नई नियुक्तियों में 27 हजार 96 पद इमरजेंसी रिस्पांस एंड सपोर्ट सिस्टम (ईआरएसएस) के तहत संचालित डायल-112 सेवा के लिए भरे जाएंगे। इसमें डायल-112 के पहले चरण के लिए सात हजार 808 पद जबकि दूसरे चरण के लिए 19 हजार 288 पद स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा बढ़ती जनसंख्या के अनुरूप 48 हजार 447 नए पद सृजित हुए हैं।

                       

एडीजी जितेंद्र सिंह गंगवार ने बताया कि राज्य सरकार के द्वारा कुछ वर्षों में बड़े पैमाने पर पद सृजन एवं नियुक्ति की कार्रवाई की गई है, जिससे कार्यरत एवं स्वीकृत पुलिस बल में गुणात्मक वृद्धि हुई है। 27 फरवरी, 2023 के आंकड़ों के अनुसार, आइपीएस अफसरों समेत बिहार पुलिस में कुल स्वीकृत पद दो लाख 28 हजार 14 है। बिहार पुलिस में कुल कार्यरत बल एक लाख छह हजार 916 है। वर्तमान में प्रतिलाख जनसंख्या पर बिहार पुलिस में कुल पदों की संख्या बढ़कर 183.65 हो गई है। वहीं प्रतिलाख जनसंख्या पर कार्यरत बल की संख्या बढ़कर 86.12 हो गई है।

RDNEWS24.COM

Top