•   Patna - 800020 (Bihar)
logo

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेंगलुरु में 26 विपक्षी दलों की मीटिंग हुई है

Blog single photo

पत्रकारों से बात किये मुख्य मंत्री नीतीश कुमार पटना 19 जुलाई 2023 :- मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने राजगीर में मलमास मेला – 2023 के उद्घाटन समारोह से लौटकर पटना हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेंगलुरु में 26 विपक्षी दलों की मीटिंग हुई है। एक-दो लोगों के नाम का सुझाव हमने भी दिया था। सभी लोग मीटिंग में थे। मीटिंग में काफी अच्छी बातचीत हुई है। राजगीर में लगने वाले मलमास मेला के कारण हम वहां से जल्दी चल दिये। सबको कह कर हम वहां से निकल गये। नाराजगी को लेकर भाजपा के आरोपों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम क्यों नाराज होंगे। भाजपा को उस मीटिंग से क्या लेना-देना है? लोग तरह-तरह की बातें कह रहे हैं। इसमें कोई खास बात नहीं है। हमको जो कुछ भी कहना था, उसे हमने मीटिंग में कह दिया है।

‘इंडिया’ नाम पर आपत्ति के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमको कोई आपत्ति नहीं है। मीटिंग में इस पर चर्चा हुई है। सभी लोगों के सुझाव पर इस नाम को फाइनल किया गया है। इसके बाद इसे घोषित किया गया। नामकरण से कोई दिक्कत नहीं है। अपना देश इंडिया, भारत ही है। मीटिंग के बाद हमलोगों ने साथ में खाना खाया। इसके बाद प्रेस के साथ मीटिंग होने वाली थी तो हमने कहा कि हमलोगों को जाने दीजिए। वर्ष 2024 में एन०डी०ए० को मिलने वाली चुनौती के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव में एन०डी०ए० को पूरी चुनौती मिलेगी। इसकी भी संभावना है कि सही समय आने पर कुछ और लोग भी विपक्षी गठबंधन में शामिल होंगे। अभी हम उनलोगों का नाम नहीं लेंगे नहीं तो उन पर न जाने क्या-क्या कार्रवाई हो जायेगी। हमलोग मिलकर देश के हित में काम कर रहे हैं। देश का इतिहास ही ये लोग बदल देंगे। आजादी की लड़ाई से इन लोगों का कोई मतलब नहीं था। ये लोग सब कुछ खत्म कर देंगे। ये लोग एक बार भी बापू का नाम नहीं लेते हैं। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के साथ जब हमलोग थे तो कितना अच्छा काम करते थे। ये लोग स्व० अटल बिहारी वाजपेयी जी का भी नाम नहीं लेते हैं। हमारा कोई निजी च्वाइस नहीं है। हमारी कोशिश है कि देश के हित में सभी लोग एकजुट हो जायें। हमारी व्यक्तिगत कोई इच्छा नहीं है। हमलोग केवल देश के हित में बात कर रहे हैं।

RDNEWS24.COM

Top