•   Patna - 800020 (Bihar)
logo

जानकी स्टेडियम डुमरा में तरंग मेघा स्पोर्ट्स उत्सव ,

Blog single photo

सीतामढ़ी

स्थानीय जानकी स्टेडियम डुमरा में आज तरंग मेघा स्पोर्ट्स उत्सव 2022  का उद्घाटन जिलाधिकारी सीतामढ़ी मनेश कुमार मीणा एवं पुलिस अधीक्षक हर किशोर राय के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी सदर राकेश कुमार ,उप विकास आयुक्त विनय कुमार के साथ जिला स्तरीय अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। जिला स्तरीय तरंग उत्सव 2022 के उद्घाटन के पश्चात खेल फ्लैग का ध्वजारोहण किया गया साथ ही गुब्बारे भी उड़ाए गए। सभी 17 प्रखंड के बालक- बालिका खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट में भाग लिया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा सभी खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की गई साथ ही उनके द्वारा उनके उज्जवल भविष्य की कामना भी की गई।

इस मौके पर जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि खेल ऐसी विधा है जिससे खिलाड़ियों का सर्वांगीण विकास होता है। कहा कि आज एथलेटिक्स समेत अन्य खेलों में भारतीय खिलाड़ी देश-विदेश में नाम रौशन कर रहे हैं। हम उम्मीद करते हैं कि सीतामढ़ी जिला के खिलाड़ी भी विभिन्न खेलों में देश स्तर पर अपनी प्रतिभा एवं हुनर दिखाने में सक्षम हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करके उसके बाद प्रमंडल स्तरीय और राज्य स्तरीय और राष्ट्र स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेकर सीतामढ़ी का सम्मान बढ़ा सकते हैं। 

वही एसपी हर किशोर राय ने कहा कि खेल ही एक ऐसी विधा है जिसमें इंसान उन्मुक्त होकर भाग लेता है और अपनी प्रतिभा को सामने रखता है। खेल के माध्यम से मान सम्मान तो प्राप्त होता ही है शरीर भी स्वस्थ होता है। स्पोर्ट्स प्रमोटर श्याम किशोर प्रसाद ने बताया कि आज एथलेटिक्स U-12/14/17 बालक एवं बालिका एवं खो-खो अंडर-17 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका एवं कल 26 दिसंबर को कबड्डी एवं फुटबॉल अंडर 17 आयु वर्ग के बालक और बालिका का मैच होगा। उन्होंने तरंग मेघा स्पोर्ट्स 2022 के आयोजन को लेकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से विभिन्न विधाओं में प्रतिभावान खिलाड़ी उभर कर सामने आएंगे। मौके पर प्रभारी खेल अधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीपीओ शिक्षा विभाग तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

RDNEWS24.COM

Top